
रांची। राजधानी में फर्जी पुलिस वाले ठगी की वारदातों को अंजाम देने के लिए घूम रहे हैं। धुर्वा इलाके में रहने वाली एक महिला के घर इसी सप्ताह 5 से 6 लोग पुलिस बनकर रेड करने के लिए पहुंचे थे। सभी सादे लिबास में थे। उनके हाथ में केवल पुलिस वाला डंडा था।



महिला को जब शक हुआ तो उन्होंने उनका विरोध किया, क्योंकि उनके घर के किसी भी व्यक्ति पर किसी तरह का मामला दर्ज नहीं था। महिला के विरोध करने पर आनन-फानन में सभी फर्जी पुलिसकर्मी वहां से निकल लिए। रांची पुलिस को भी यह सूचना मिली है कि कुछ इलाकों में ऐसे तत्व घूम रहे हैं।
रांची के धुर्वा सेक्टर 2 की 50 वर्षीय महिला के साथ 26 दिसंबर को इसी तरह के ठगी का मामला सामने आया, जिसमें दो ठगों ने करीब ढाई लाख रुपये के गहने चोरी किए।
रांची के सीनियर एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि ऐसी सूचनाएं मिल रही हैं। इसके लिए पूरे जिले में गस्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने आम लोगों से यह अपील की कि ऐसी किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं। सीनियर एसपी ने लोगों से अपील की है कि वैसे ठगों की सूचना डायल 112 या फिर रांची के किसी भी पुलिस अधिकारी के फोन पर दे सकते हैं। इसमें तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
वहीं दूसरी तरफ तंत्र-मंत्र के चक्कर में अकेली महिलाओं को ठगने वाला गिरोह भी राजधानी में सक्रिय हैं। रांची के डोरंडा लालपुर और बरियातू थाने में इस संबंध में कांड भी दर्ज किए गए हैं।
