
रांची। झारखंड पुलिस जल्द ही राज्य में खास तरह की थाना व्यवस्था लागू करने जा रही है। इसके तहत महिला थाना, साइबर थाना, SC/ST थाना और ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, ये चारों एक ही इमारत में होंगे। इससे लोगों को अलग-अलग थानों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। पहली ऐसी इमारत रांची के मौजूदा महिला थाना परिसर में बनेगी। डीजीपी अनुराग गुप्ता ने यह जानकारी दी। इस व्यवस्था से आम लोगों को काफी सुविधा होगी।




डीजीपी ने दी जानकारी
डीजीपी ने बताया कि इमारत का खाका तैयार किया जा रहा है। पूरी योजना जल्द ही राज्य सरकार को सौंप दी जाएगी। सरकार की मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। रांची के बाद जमशेदपुर, हजारीबाग, देवघर, धनबाद और बोकारो में भी ऐसी इमारतें बनाई जाएंगी। चूंकि रांची का महिला थाना शहर के बीच में है, जहां जगह कम है, इसलिए वहाँ बहुमंजिली इमारत बनाई जाएगी। इससे कम जगह में भी सभी चार थानों को समायोजित किया जा सकेगा।