
पटना। मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर पटना एयरपोर्ट पर वीवीआईपी आवाजाही तेज हो गई है। बुधवार रात से चार्टर्ड विमानों का पटना में लैंडिंग सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार देर रात तक कुल चार चार्टर्ड प्लेन पटना एयरपोर्ट पहुंचे, जिनसे कई बड़े मुख्यमंत्री और मंत्री उतरे। चार्टर्ड विमान से गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और अलग-अलग विमानों से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा मंत्री एकनाथ शिंदे पटना पहुंचे।



एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, गुरुवार का दिन और भी व्यस्त रहने वाला है। सुबह से दोपहर एक बजे तक कुल 19 चार्टर्ड प्लेन पटना में उतरने वाले हैं। इनमें भाजपा शासित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और एनडीए के अन्य कद्दावर नेताओं का आगमन प्रस्तावित है।

