देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को उत्तरकाशी जिले में स्थित देवी गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा में पूजा अर्चना की और देशवासियों की सुख—समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में डबल गति से जारी विकास कार्यों से साफ है कि ये दशक उत्तराखंड का दशक है।

अपने एक दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आए प्रधानमंत्री मोदी यहां के निकट जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर पहुंचे जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण तथा अन्य लोगों ने उनका स्वागत किया। यहां से प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से हरसिल में उतरे और फिर हरसिल से सीधे मुखबा पहुंचे ।

मां गंगा का मायका माने जाने वाले मुखबा में मां गंगा की शीतकालीन पूजा की जाती है। गर्मियों में मां गंगा की पूजा गंगोत्री मंदिर में की जाती है और सर्दियों के दौरान कपाट बंद होने के बाद उनकी मूर्ति को मुखबा लाया जाता है। मुखबा गंगोत्री मंदिर के रास्ते में स्थित है।

मुखबा में पूजा अर्चना करने के बाद मोदी हरसिल में एक जनसभा को भी संबोधित किया।  मोदी ने बृहस्पतिवार को सर्दियों की आर्थिक सुस्ती को दूर करने के लिए बारहमासी पर्यटन पर जोर दिया जिससे हर सीजन ‘ऑन सीज़न’ रहे । यहां हरसिल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘अपने पर्यटन क्षेत्र को विविधतापूर्ण बनाना और उसे बारहमासी बनाना उत्तराखंड के लिए बहुत जरूरी है ।”

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version