नयी दिल्ली। डीआरडीओ ने शुक्रवार को जोरावर लाइट टैंक से स्वदेशी एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल नाग मार्क-2 का सफलतापूर्वक परीक्षण किया है। इस दौरान मिसाइल ने अधिकतम और न्यूनतम रेंज के सभी लक्ष्यों को सटीक रूप से नष्ट कर दिया। यह फील्ड मूल्यांकन परीक्षण भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुए। इसके साथ ही अब पूरी हथियार प्रणाली भारतीय सेना में शामिल होने के लिए तैयार है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस उपलब्धि पर डीआरडीओ, भारतीय सेना और उद्योग को बधाई दी है।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि तीसरी पीढ़ी की एंटी-टैंक फायर-एंड-फॉरगेट गाइडेड स्वदेशी मिसाइल नाग मार्क-2 के फील्ड मूल्यांकन परीक्षण किये गए हैं। पोखरण फील्ड रेंज में परीक्षण के समय भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी रही। तीनों फील्ड परीक्षणों के दौरान मिसाइल प्रणालियों ने अधिकतम और न्यूनतम रेंज के सभी लक्ष्यों को सटीक रूप से नष्ट कर दिया। इसी दौरान नाग मिसाइल कैरियर वर्जन-2 का भी फील्ड मूल्यांकन किया गया। इसके साथ ही अब पूरी हथियार प्रणाली भारतीय सेना में शामिल होने के लिए तैयार है।

यह आधुनिक मिसाइल बड़े टैंक को किसी भी मौसम में निशाना बना सकती है। कई खूबियों के अलावा इसमें इंफ्रारेड भी है, जो लॉन्च से पहले टारगेट को लॉक करता है। इसके बाद नाग अचानक ऊपर उठती है और फिर तेजी से टारगेट के एंगल पर मुड़कर उसकी ओर चल देती है। लक्ष्य भेदने की इसकी क्षमता काफी सटीक है। ये वजन में काफी हल्की होती है, लेकिन इसके बावजूद दुश्मन के टैंक समेत अन्य सैन्य वाहनों को सेकेंडों में समाप्त कर सकती है। यह उन पांच मिसाइल प्रणालियों में से एक है, जिसे भारत के रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन ने एकीकृत निर्देशित मिसाइल विकास कार्यक्रम के तहत विकसित किया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version