
राजौरी/जम्मू: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में सोमवार तड़के संदिग्ध आतंकवादियों ने एक सुरक्षा चौकी पर गोलीबारी की, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया। सेना के आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।



सूत्रों के अनुसार, संदिग्ध आतंकवादियों ने तड़के चार बजे राजौरी जिले के गुंधा इलाके में एक सुरक्षा चौकी पर गोलीबारी की, जिसका सुरक्षाबलों ने माकूल जवाब दिया। सूत्रों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच कुछ समय तक गोलीबारी के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया।
आपको बता दें कि बीते एक महीने के दौरान जम्मू-कश्मीर में आतंकी घटनाओं में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान आतंकवादियों ने कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया, जिनमें 12 जवान शहीद हुए हैं और 9 आम नागरिकों की मौत हुई है।
हालिया हमला डोडा में हुआ था, जहां घने जंगलों में सेना के एक सर्च दल पर आतंकवादियों ने घात लगाकर हमला कर दिया था. इस हमले में एक अधिकारी सहित चार जवान शहीद हो गए।

