श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आज आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला किया जिसमें 27 पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हो गए। हमले की जिम्मेदारी कश्मीर में आतंक का नया पर्याय बने लश्कर- ए-तैयबा के हिट स्क्वॉड द रजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) ने ली है। आतंकी हमले के बाद सरकार एक्शन में है। पीएम मोदी ने अमित शाह से फोन पर बातचीत की। उन्होंने इस घटना पर कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए। अमित शाह ने कहा कि इस जघन्य आतंकी हमले में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और हम अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करेंगे और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देंगे। गृह मंत्री अमित शाह थोड़ी देर में श्रीनगर पहुंचेंगे हैं। यहां गृह मंत्री सभी एजेंसियों के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक करेंगे।

जम्मू डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी के चेयरमैन और पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की है। आजाद ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के इस बर्बर कृत्य की कड़ी निंदा की जानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। आजाद ने घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान करने और पीड़ितों के परिवारों को व्यापक मदद देने पर जोर दिया।

हिंदू संगठनों ने जम्मू बंद का किया आह्वान : कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर किए गए आतंकी हमले के विरोध में मंगलवार शाम को शहर के सलाथिया चौक पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के सदस्यों ने धार रोड पर धरना देकर पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब जम्मू-कश्मीर में नई सरकार बनी है तब से ही हिंदुओं पर हमले किए जा रहे हैं। अगर सरकार ने सख्त कदम नहीं उठाए तो मजबूरन हमें आंदोलन करना पड़ेगा। शाम करीब सात बजे विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने मिलकर धार रोड पर धरना देकर पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर की सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने बुधवार को जम्मू बंद का आह्वान किया है।

उत्तरी सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एमवी सुचेंद्र कुमार नई दिल्ली से जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर पहुंच रहे हैं। उन्हें स्थानीय कमांडरों द्वारा कश्मीर घाटी में मौजूदा सुरक्षा स्थिति के बारे में जानकारी दी जाएगी। वे एक कॉन्फ्रेंस के लिए नई दिल्ली में थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version