पटना। जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुद को राजद और परिवार से निकाले जाने को जयचंदों की साजिश करार दिया। उन्होंने आरजेडी में मौजूद पांच नेताओं मुकेश रौशन, संजय यादव, रमीज खान, शक्ति सिंह और सुनील सिंह को जयचंद करार दिया। तेज प्रताप ने यह भी आरोप लगाया कि इन्हीं लोगों के इशारे पर अनुष्का यादव के साथ उनके फोटो और रिलेशन की खबरें सोशल मीडिया पर वायरल की गईं और साजिश के तहत उन्हें बदनाम किया गया। तेज प्रताप यादव ने रविवार रात पटना में पत्रकारों से बातचीत में कई अहम खुलासे किए। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र राजद में कुछ युवा कार्यकर्ता हैं जो कथित जयचंदों के इशारे पर सोशल मीडिया पर गंदी-गालियां देते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों से उनके बारे में जो कुछ भी सोशल मीडिया पर चलाया गया, वो सब अफवाह था। उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई।

तेज प्रताप यादव ने इशारों में अनुष्का यादव से रिलेशन की बात को भी खारिज किया। उन्होंने कहा, “इससे हमारा कोई संबंध नहीं है, हमारा कोई लेना-देना नहीं है। हमारे फोटो जो वायरल किया गया था उसके बाद हमने कहा था कि अकाउंट हैक हो गया था, वो सही बात थी। हमारे पिता (लालू यादव) को जिस तरीके से झूठे मुकदमे में फंसाया गया, उसी तरीके से मुझे फंसाना चाहते हैं। हमारे खिलाफ साजिश रची जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version