
पटना। मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित होने वाले दही-चूड़ा भोज से पहले राजद में पारिवारिक एकजुटता की तस्वीर सामने आई है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव संक्रांति से एक दिन पहले पटना स्थित राबड़ी आवास पहुंचे, जहां उन्होंने लालू और राबड़ी देवी से आशीर्वाद लिया, और छोटे भाई तेजस्वी यादव समेत पूरे परिवार से मुलाकात की। इस दौरान तेज प्रताप ने 14 जनवरी को 26 एम स्ट्रैंड रोड (राबड़ी आवास) में होने वाले दही-चूड़ा भोज का औपचारिक निमंत्रण पूरे परिवार को दिया।



मुलाकात के दौरान तेज प्रताप यादव ने पिता लालू प्रसाद यादव और माता राबड़ी देवी से भी भेंट की और उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया। पूरे समय पारिवारिक और सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला। तेज प्रताप अपनी भतीजी कात्यायनी को गोद में खिलाते हुए नजर आए। जिसके बाद लग रहा है कि अब चुनावी झगड़ा खत्म हो गया है। परिवार से मुलाकात की फोटो तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर भी शेयर की।
इससे पहले भी दिल्ली कोर्ट में लैंड फॉर जॉब केस में आरोप गठन के बाद भी तेज प्रताप मीसा भारती के घर पर लालू से मिलने गए थे, जिस वक्त तेजस्वी वहां मौजूद नहीं थे। तब भी तेज प्रताप ने उन्हें चूड़ा-दही कार्यक्रम के न्योता देने की बात कही थी। हालांकि दिल्ली कोर्ट में तेज प्रताप और तेजस्वी यादव की मुलाकात के दौरान दोनों भाइयों के बीच तल्खी की चर्चा सामने आई थी। इसके बाद दोनों के रिश्तों को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। ऐसे में करीब आठ महीने बाद दोनों भाइयों की यह मुलाकात खास मानी जा रही है।
इससे पहले आज तेज प्रताप डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के आवास पर दही-चूड़ा भोज में शामिल हुए थे। इस दौरान जब उनसे एनडीए में जाने का सवाल पूछा गया तो उन्होने कहा कि जो भी होगा आपको बता दिया जाएगा।

