पटना । बिहार विधानसभा चुनाव में प्रथम चरण के तहत 06 नवंबर को होने वाले चुनाव में शेखपुरा जिले की बरबीघा विधानसभा सीट से दो बार के विधायक रहे सुदर्शन कुमार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) से बेटिकट होने के बाद निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपनी ही पूर्ववर्ती पार्टी जदयू के प्रत्याशी पर निशाना लगा रहे हैं,वहीं शेखपुरा विधानसभा सीट पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और महागठबंधन के उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी।
बिहार विधानसभा चुनाव में बरबीघा सीट पर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। इस बार के चुनाव में जदयू ने वर्तमान विधायक सुदर्शन कुमार को बेटिकट कर पूर्व विधायक स्व. प्रो. आरपी शर्मा के पुत्र कुमार पुष्पंजय को उम्मीदवार बनाया है,वहीं कांग्रेस ने त्रिशूलधारी सिंह को चुनावी अखाड़े में उतारा है। जदयू से टिकट नहीं मिलने से नाराज श्री कुमार पार्टी से बगावत कर निर्दलीय ही समर में उतर आये हैं और सियासी रणभूमि में अपनी पूर्ववर्ती पार्टी जदयू के तीर को काटने की कोशिश कर रहे हैं।

पूर्व सांसद स्व. राजो सिंह के पौत्र और पूर्व मंत्री संजय कुमार सिंह के पुत्र सुदर्शन कुमार ने वर्ष 2015 के चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था और राष्ट्रीय लोक समता पाटी (रालोसपा) उम्मीदवार शिव कुमार को 15717 मतों के अंतर से परास्त किया था। वर्ष 2020 के चुनाव में सुदर्शन कुमार ने कांग्रेस का साथ छोड़कर जदयू का हाथ थाम लिया था। इस चुनाव में जदयू और कांग्रेस उम्मीदवारों के बीच बेहद नजदीकी मुकाबला हुआ था।जदयू प्रत्याशी सुदर्शन कुमार ने मात्र 113 वोटों से अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के गजानन्द शाही को हराया था।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version