नागपुर। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में मुगल शासक औरंगजेब की कब्र की सुरक्षा पर मचे घमसान के बीच राज्य के नागपुर में इसी मुद्दे पर हिंसा सामने आई है। सोमवार को नागपुर में एक तस्वीर के जलाए जाने को लेकर दोनों गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों गुटों में पत्थरबाजी और आगजनी होने लगी। पत्थरबाजी की सूचना पर आनन-फानन में भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने हालात को संभालने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। फिलहाल हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। पुलिस की तरफ से स्थिति को संभालने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस कमिश्नर क्या बोले?
इस पूरे मुद्दे पर नागपुर के पुलिस आयुक्त डॉ. रविंदर सिंघल ने कहा है कि अभी स्थिति शांतिपूर्ण है। एक तस्वीर जलाई गई जिसके बाद लोग इकट्ठा हुए। उन्होंने अनुरोध किया और हमने इस संबंध में कार्रवाई भी की। सिंघल ने कहा कि मुझसे मिलने मेरे कार्यालय भी आए थे। उन्हें बताया गया कि उनके द्वारा बताए गए नामों के आधार पर एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह (आज की हिंसा) घटना रात 8-8.30 बजे के आसपास हुई। दो वाहनों में आग लगाई गई। इसके साथ पथराव हुआ है। पुलिस तलाशी अभियान चला रही है और इसमें शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। हमने धारा 144 लागू कर दी है और सभी को कहा गया है कि वे अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और कानून को अपने हाथ में न लें। अफवाहों पर विश्वास न करें। इस क्षेत्र को छोड़कर, पूरा शहर शांतिपूर्ण है।

गडकरी ने की शांति की अपील
नागपुर से सांसद व केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके लोगों से शांति की अपील की है। नितिन गडकरी ने लिखा है कि नागपुर शांति और सद्भाव के लिए पूरे देश में प्रसिद्ध शहर है। इस शहर में जाति, पंथ या धर्म के आधार पर कोई विवाद या लड़ाई नहीं होती। नितिन गडकरी ने नागपुर निवासियों से शांत रहने और स्थिति को संभालने में जिला पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने को कहा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version