
मुंबई । भारतीय शेयर बाजार सोमवार के कारोबारी सत्र में हरे निशान में बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 787.30 अंक या 1.07 प्रतिशत की तेजी के साथ 74,106.85 और निफ्टी 255.15 अंक या 1.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,968.25 पर था। बाजार के ज्यादातर सूचकांक हरे निशान में बंद हुए। निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स (2.60 प्रतिशत), निफ्टी फाइनेंशियल सर्विस (2.34 प्रतिशत), निफ्टी पीएसयू बैंक (2.33 प्रतिशत), निफ्टी रियल्टी (2.23 प्रतिशत), निफ्टी प्राइवेट बैंक (2.16 प्रतिशत) और निफ्टी सर्विसेज (1.66 प्रतिशत) की तेजी के साथ बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स एक समय 600 अंकों तक लुढ़क गया था। हालांकि दोपहर बाद बाजार में अचानक तेजी लौटी और सेंसेक्स निचले स्तर से करीब 1400 अंकों तक उछल गया



शेयर बाजार में आज की तेजी के पीछे सबसे बड़ी वजहें अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध जल्द खत्म होने की उम्मीदें रहीं। अमेरिका और ईरान को युद्धविराम के लिए एक प्रस्ताव भेजा गया है, जिस पर सोमवार को ही फैसला हो सकता है और होर्मुज का रास्ता फिर से खुल सकता है। इसके अलावा अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में उछाल से भी निवेशकों का सेंटीमेंट मजबूत हुआ। ऑयल एंड गैस को छोड़कर बाकी सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी आज हरे निशान में बंद हुए। सबसे अधिक तेजी बैकिंग और फाइनेंशियल सेक्टर के शेयरों में देखने को मिली। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी 1 फीसदी से अधिक की उछाल के साथ बंद हुए।
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 427.41 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 422.37 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 5.04 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 5.04 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।

