
गुमला। विधान सभा चुनाव की डुगडुगी बजते ही प्रशासनिक अमला रेस हो गयी है। जिले में शांति पूर्ण, भय मुक्त व निर्विघ्न चुनाव कराने को लेकर प्रशासन कटिबद्ध है। इसी कड़ी में बुधवार को पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने रायडीह थाना क्षेत्र के मांझाटोली स्थित अंतरराज्यीय चेक पोस्ट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पोस्ट पर प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी एवं थाना प्रभारी रायडीह को अवैध मादक पदार्थों, अवैध हथियार एवं अधिक मात्रा में नगद राशि का लेन-देन के संबंध में विशेष जाँच करने हेतु आवश्यक निर्देश दिया गया।



एसपी ने थाना प्रभारी को सभी वाहनों की गहनता पूर्वक जांच का भी निर्देश दिया। इधर चेक पोस्ट निर्माण के साथ ही रायडीह पुलिस के द्वारा छतीसगढ़ राज्य से आने वाले सभी वाहनों की जांच आरंभ कर दी गयी है। चार पहिया वाहनों के डिक्की खोलकर देखी जा रही है। यह जांच प्रक्रिया चुनाव संपन्न होने तक लगातार जारी रहेगी। इस दौरान कई पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।