
मथुरा। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को मथुरा एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। यहां दोनों ने वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर में पूजा अर्चना की और साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम भी सुना। उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिये बगैर कहा कि कुछ लोग राजनीति में टाइम पास के लिए आते हैं। ऐसे लोग चुनाव के समय दिखते हैं और फिर विदेश चले जाते हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि श्री कृष्ण की नगरी में उनका पहले भी आगमन हुआ है लेकिन राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद कृष्ण की नगरी में उनका पहली बार प्रवास हुआ है। यहां पर उपस्थित कृष्ण नगरी के लोगों को प्रणाम, पवित्र भूमि को नमन। उन्होंने कहा कि 2027 का समय आ रहा है। देश में ऐसी ताकतें काम कर रही हैं, जो बांटने, कांटने में विश्वास करती हैं, संविधान को अपमानीत करती हैं। चुनाव आते ही ये ताकतें जीवित होती हैं। संविधान की दुहाई देती हैं। ऐसे लोगों ने केवल अराजकतावादी ताकतों को आगे बढ़ाया। कहा कि कभी बंदूक की नोक पर यूपी सरकार चलती थी, आज वोट की ताकत पर आगे बढ़ रही है।
2027 के लिए कमर कस लें : उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि 2027 के लिए कमर कस लें। क्योंकि यूपी आगे बढ़ रहा है, यह कुछ लोगों को पसंद नहीं आ रहा। राहुल गांधी का नाम लिये बगैर उन्होंने कहा कि राजनीति को टाइमपास समझते हैं, चुनाव में आते हैं और फिर विदेश चले जाते हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कार्यकतार्ओं से कहा कि अपने बूथ को मजबूत कीजिये। अगले फरवरी में हर बूथ पर मन की बात सुनेंगे। अपने बूथ को मजबूत करेंगे।
उत्तम प्रदेश बनकर उभरा यूपी : नितिन नवीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का उत्तम प्रदेश बनकर उभरा है। जब वह पहले यहां संगठन का काम करते थे उत्तर प्रदेश संघर्ष कर रहा था। उन्होंने कहा कि देख का नेतृत्व करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और यूपी को नेतृत्व दे रहे योगी आदित्यनाथ ने यूपी को उत्तम प्रदेश बनाने में पुरुषार्थ किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पहले जब यूपी आते थे तो चर्चा किस प्रकार की होती थी। बीमारू राज्य में बिहार और यूपी का नाम लिया जाता था। आज देश का हर राज्य विकासित राज्य बनकर उभर रहा है और उत्तर प्रदेश उसका नेतृत्व कर रहा है। नितिन नवीन ने कहा कि वह विद्यार्थी परिषद के अधिवेषन में यहां आये थे तो लगता था कि कब क्या घटना हो जाएगी, क्या हादसा हो जाएगा। अब उस कुशासन को समाप्त कर दिया गया है। पहले बिहार में जंगल राज था, यहां भी अराजकता की सरकार थी। जंगल राज को भाजपा की सरकार ने समाप्त किया। विकास के पथ पर देश बढ़ने पर कार्यकर्ताओं को भी इसका श्रेय जाता है।
