
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में दूसरे दिन भी लगातार बर्फबारी का दौर जारी रहा, जिससे धाम में करीब दो फीट तक बर्फ जम गई है। कड़ाके की ठंड के बीच मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद बनी हुई है। आइटीबीपी एवं पुलिस बल के जवान बर्फबारी के बीच नियमित रूप से मंदिर की सुरक्षा में तैनात हैं।
वही चोपता-मंडल मोटर मार्ग पर बर्फबारी से वाहनो की आवाजाही पर भी असर पड रहा है, जिससे वाहन रपट रहे है। केदारनाथ के साथ-साथ तुंगनाथ, मध्यमहेश्वर, त्रियुगीनारायण सहित जिले के अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी दूसरे दिन बर्फबारी होती रही, जिससे पूरे क्षेत्र में शीतलहर का प्रभाव बना हुआ है। ऊपरी इलाकों में तापमान माइनस तीन से चार डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जबकि केदारनाथ धाम में तापमान माइनस 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
निचले इलाकों में सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर होते-होते घने बादल छा गए और इसके बाद बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद ठंड में और इजाफा हो गया, जिससे विशेषकर ऊंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्रों में लोग घरों में ही दुबकने को मजबूर नजर आए।
लगातार बारिश और बर्फबारी के चलते कड़ाके की ठंड का जनजीवन पर व्यापक असर देखने को मिल रहा है। बाजारों में चहल-पहल कम रही और आम जनजीवन प्रभावित रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी ठंड और बढ़ने की संभावना जताई गई है।
