
मुंबई ।स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार को आईटी एवं वित्तीय शेयरों में खरीदारी आने से लगातार तीसरे दिन तेजी रही। मानक सूचकांक सेंसेक्स 583 अंक उछल गया जबकि निफ्टी ने 25,000 का स्तर पार कर लिया। बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 582.95 अंक यानी 0.72 प्रतिशत की बढ़त के साथ 81,790.12 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 639.25 अंक चढ़कर 81,846.42 अंक पर पहुंच गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी 183.40 अंक यानी 0.74 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,077.65 अंक पर बंद हुआ।



निवेशकों के निचले स्तर पर खरीदारी करने से निफ्टी तीन सत्रों में कुल 466 अंक यानी 1.89 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,000 के स्तर पर पहुंच गया। सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, इटर्नल, इन्फोसिस, कोटक महिंद्रा बैंक और बजाज फिनसर्व के शेयरों में प्रमुख रूप से तेजी रही। दूसरी तरफ, टाटा स्टील, अदाणी पोर्ट्स, पावर ग्रिड और टाइटन के शेयरों में गिरावट का रुख रहा।
मझोली कंपनियों का बीएसई मिडकैप सूचकांक 0.68 प्रतिशत चढ़ गया जबकि छोटी कंपनियों के स्मालकैप सूचकांक में 0.20 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। क्षेत्रवार सूचकांकों में बीएसई आईटी केंद्रित खंड में सर्वाधिक 2.21 प्रतिशत की तेजी रही जबकि आईटी खंड 1.96 प्रतिशत, प्रौद्योगिकी खंड 1.60 प्रतिशत और बैंकिंग खंड 1.10 प्रतिशत चढ़ गया। दूसरी तरफ जिंस, एफएमसीजी (दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों), दूरसंचार, उपयोगिता एवं धातु खंडों में गिरावट रही।

