
रांची । झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की ओर से गुरुवार को उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी गई। कांग्रेस की दूसरी लिस्ट में सात उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। इसके तहत बरही से कांग्रेस विधायक उमाशंकर अकेला का टिकट कट गया है। जबकि जेल में बंद आलमगीर आलम की जगह निशत आलम को उम्मीदवार बनाया गया है।



उमाशंकर अकेला की जगह अरुण साहू को मिला टिकट
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से सात उम्मीदवारों की सूची जारी की गई है। इसके अनुसार पाकुड़ विधानसभा सीट से आलमगीर आलम की जगह निशत आलम को कांग्रेस उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने हेमंत सोरेन सरकार में मंत्री रहे अपने सीनियर नेता आलमगीर आलम की जगह उनकी पत्नी निशत आलम को पाकुड़ से मौका दिया है। हालांकि चर्चा थी कि अपनी जगह अपने बेटे तनवीर आलम के लिए टिकट चाह रहे थे। वहीं बरही से उमाशंकर अकेला की जगह अरुण साहू को प्रत्याशी बनाया गया है।
सुरेश बैठा लगातार चौथी बार कांके से उम्मीदवार
कांके विधानसभा सीट से सुरेश कुमार बैठा उम्मीदवार होंगे। सुरेश बैठा लगातार चौथी बार कांके सीट के लिए उम्मीदवार होंगे। इससे पहले उन्होंने तीन बार कांके विधानसभा सीट में बीजेपी प्रत्याशी को कड़ी टक्कर दी।
डालटनगंज से केएन त्रिपाठी होंगे उम्मीदवार
डालटनगंज से कांग्रेस ने एक बार फिर से पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया गया है। केएन त्रिपाठी इससे पहले वर्ष 2009 में डालटनगंज विधानसभा सीट से चुनाव जीत चुके हैं, लेकिन दो बार से लगातार उन्हें हार का सामना करना पड़ रहा है।
छतरपुर से राधाकृष्ण किशोर को मिला टिकट
विश्रामपुर सीट से कांग्रेस ने सुधीर कुमार चंद्रवंशी और छतरपुर से राधाकृष्ण किशोर को प्रत्याशी बनाया गया है। राधाकृष्ण किशोर कांग्रेस, बीजेपी और जेडीयू टिकट पर छतरपुर से पांच बार चुनाव जीत चुके हैं और दो दिन पहले ही कांग्रेस में शामिल हुए हैं। वहीं पांकी से लाल सूरज को उम्मीदवार बनाया गया है।
धनबाद और बोकारो सीट के लिए उम्मीदवार का इंतजार
कांग्रेस की ओर से अब तक 28 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया जा चुका है। पहली सूची में 21 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की गई थी। जबकि गुरुवार को सात उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की गई। जेएमएम-कांग्रेस-आरजेडी और माले के बीच सीट शेयरिंग की अब तक औपचारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन 30 सीटों पर कांग्रेस के चुनाव लड़ने की संभावना है। अभी कांग्रेस की ओर से बोकारो और धनबाद विधानसभा सीट के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान नहीं किया गया है।

