रांची। चक्रवात अर्णब के प्रभाव से रांची में 28 और 29 अक्टूबर को लगातार बारिश की आशंका और मौसम विभाग की ओर से ओरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकारी और निजी स्कूलों को दो दिन बंद रखने का आदेश दिया गया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। जिन स्कूलों में परीक्षाएं निर्धारित हैं, उन्हें मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए निर्णय लेने को कहा गया है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, लगातार बारिश होने से रांची के निचले इलाकों और सड़कों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। संभावित बारिश और खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। लगातार बारिश के कारण कच्चे मकानों, झुग्गी-झोपड़ियों और कमजोर संरचनाओं को आंशिक या भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।

वहीं, नदियों और बड़े नालों का जलस्तर बढ़ने से निचले क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है। खेतों में पानी जमा होने से खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचने की संभावना है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version