
नई दिल्ली ।सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को उस याचिका पर तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया, जिसमें दिल्ली हाई कोर्ट के न्यायाधीश यशवंत वर्मा के सरकारी आवास से कथित तौर पर अधजली नकदी मिलने के मामले में दिल्ली पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।



अधिवक्ता मैथ्यूज जे. नेदुम्परा ने प्रधान न्यायाधीश संजीव खन्ना की अध्यक्षता वाली पीठ से आग्रह किया कि याचिका को तत्काल सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाए, क्योंकि यह व्यापक जनहित से संबंधित है।
प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि याचिका पर सुनवाई होगी। वकील ने कहा कि शीर्ष अदालत ने “सराहनीय काम” किया है, लेकिन प्राथमिकी दर्ज किए जाने की जरूरत है। इस पर प्रधान न्यायाधीश ने कहा, “सार्वजनिक बयानबाजी न करें।”
मामले में एक महिला और सह-याचिकाकर्ता ने कहा कि अगर ऐसा मामला किसी आम नागरिक के खिलाफ होता तो केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) जैसी कई जांच एजेंसियां उस व्यक्ति के पीछे लग जातीं।
प्रधान न्यायाधीश ने कहा, “यह काफी है। याचिका पर सुनवाई होगी।” नेदुम्परा और तीन अन्य ने रविवार को एक याचिका दायर कर अनुरोध किया था कि पुलिस को मामले में प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया जाए।

