कोडरमा। चंदवारा थाना के ढाब में मंगलवार रात चोरों ने एसबीआई एटीएम मशीन की चोरी कर ली है। जानकारी के अनुसार स्टेट बैंक आॅफ इंडिया के ढाब शाखा से सटे एटीएम में लगे शटर के ताले को रात के करीब 12 बजे गैस कटर की सहायता से काट दिया और उसमें रखे एटीएम मशीन को लेकर भाग खड़े हुए।

हालांकि इस दौरान मशीन के अपने जगह से अलग होने पर सायरन बजनी शुरू हो गई, लेकिन उसकी आवाज धीमी होने के कारण आसपास के लोगों को इसकी आवाज सुनाई नहीं पड़ी। इधर पड़ोस के लोग की जब नींद खुली और उन्होंने सायरन की आवाज सुनी तो एटीएम के पास पहुंचे और देखा कि एटीएम का शटर खुला हुआ है और एटीएम मशीन गायब है। उनलोगों ने इसकी सूचना चंदवारा थाना को दी। इसके पश्चात चंदवारा थाना प्रभारी धनेश्वर कुमार अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए।

चंदवारा थाना प्रभारी धनेश्वर कुमार ने बुधवार को बताया कि देर रात सूचना मिलने के पश्चात हमलोग मौके पर पहुंचे। वरीय पदाधिकारियों को इसकी सूचना देते हुए टेक्निकल टीम की मदद से जांच पड़ताल की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है। मामले का जल्द ही उद्भेदन कर लिया जाएगा। एटीएम मशीन में मंगलवार को ही बैंक द्वारा कैश रखा गया था। बताया जा रहा है कि लगभग 10 लाख रुपए एटीएम में थे।

एटीएम से सटे एक कपड़े की दुकान के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर पाया गया कि एक काले रंग के स्कॉर्पियो से तीन की संख्या में अज्ञात लोग आए और एटीएम की तरफ गए। स्कॉर्पियो रात के 12 बजकर 50 मिनट पर एटीएम के पास पहुंची और घटना को अंजाम देकर वापस 1 बजकर 4 मिनट पर वहां से फरार हो गए। इस पूरी घटना को अंजाम देने में उन्हें महज 12 मिनट ही लगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version