
रांची। जेपीएससी-जेएसएससी की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ रांची में छात्रों का सत्याग्रह शुक्रवार को 21वें दिन भी जारी रहा। गुरुवार देर शाम हुई तेज बारिश के बावजूद सैकड़ों छात्र आंदोलन स्थल पर डटे रहे। सदर अस्पताल में इलाजरत अनशनकारी छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो और छात्रा उम्मे हबीबा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से छात्रों की मांगों पर जल्द पहल करने की अपील की है।
अस्पताल में भी जारी है देवेंद्र का अनशन
विधानसभा घेराव के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद सदर अस्पताल में भर्ती देवेंद्र नाथ महतो का अनशन शुक्रवार को 12वें दिन भी जारी रहा। उपचार के बावजूद उन्होंने अनशन समाप्त नहीं किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से छात्रों के साथ बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान निकालने की अपील की।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि छात्रों की मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी एक व्यक्ति का संघर्ष नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में छात्र-युवाओं के भविष्य और अधिकारों से जुड़ा मामला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
देवेंद्र ने अस्पताल प्रबंधन से उन्हें आंदोलन स्थल जयपाल सिंह स्टेडियम जाने की अनुमति देने का भी आग्रह किया है। वहीं, उनके समर्थकों ने भी उन्हें अस्पताल से छुट्टी देने की मांग की है।
हबीबा ने कहा- हम आपके ही बच्चे हैं
सदर अस्पताल में इलाजरत अनशनकारी छात्रा उम्मे हबीबा ने भी वीडियो संदेश जारी कर मुख्यमंत्री से भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि आंदोलनरत छात्र-छात्राएं काफी परेशानी में हैं और सरकार को उनकी बातें सुननी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री छात्रों के साथ बातचीत करेंगे तो उनकी समस्याओं का समाधान निकाला जा सकता है।
जयपाल सिंह स्टेडियम में अनशन के दौरान मंगलवार को तबीयत बिगड़ने के बाद हबीबा को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल दोनों अनशनकारियों का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जबकि आंदोलन स्थल पर छात्रों का सत्याग्रह जारी है।

