
मुंबई ।बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान के घर जाकर हमला करने वाले आरोपी को मुंबई पुलिस ने ठाणे से धर दबोच लिया है। पुलिस ने हमलावर को बीते शनिवार देर रात ठाणे से गिरफ्तार किया है।



सूत्रों के अनुसार, पकड़े गये आरोपी की पहचान मोहम्मद आलियान उर्फ विजय दास के रूप में की गई है। वहीं मुंबई पुलिस ने सैफ के हमलावर के गिरफ्तार होने की पुष्टि भी कर दी है।
मुंबई पुलिस इस मामले के संबंध में एक प्रेस कांफ्रेंस आज सुबह 9 बजे डीसीपी जोन IX कार्यालय में आयोजित करेगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुंबई पुलिस ने आरोपी को लेबर कैंप इलाके से गिरफ्तार किया है।
खबरों के अनुसार, बताया जा रहा है कि आरोपी हमलावर ठाणे के रिकी बार में वेटर के रूप में काम करता था।
गिरफ्तार आरोपी ने अपना गुनाह भी कबूल कर लिया है ।
बता दें कि इससे पहले बीते शुक्रवार को आरोपी से मिलते जुलते एक बढ़ई को हिरासत में लिया गया था क्योंकि वह अभिनेता की बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध हमलावर के स्क्रीनग्रैब से मिलता जुलता था, लेकिन गहन पूछताछ के बाद में उसे रिहा कर दिया गया।
इससे पहले पुलिस ने बीते शनिवार को एक संदिग्ध को छत्तीसगढ़ के दुर्ग से हिरासत में लिया था। वहीं पुलिस अब तक करीब 50 लोगों से पूछताछ कर चुकी है। उक्त मामले में 35 टीमें लगाई गई थीं।
वहीं रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बीते शनिवार दोपहर छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेलवे स्टेशन से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया था। वहीं संदिग्ध की तस्वीर मुंबई पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के साथ साझा की थी।
आपको बता दें कि बॉलीवुड एक्टर सैफ पर बृहस्पतिवार की सुबह करीब 2.30 बजे के करीब मुंबई के बांद्रा इलाके में 12वीं मंजिल पर स्थित उनके आवास पर चाकू से हमला किया था। हमले को लूटपाट के इरादे से घर में दाखिल हुए एक घुसपैठिये ने अंजाम दिया था। बाद में उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सैफ अली खान का इलाज कर रहे चिकित्सकों के अनुसार उनके स्वास्थ्य में सुधार आ रहा है और अगले दो-तीन दिन में छुट्टी दी जा सकती है।

