
रांची। झारखंड के ग्रामीण विकास कार्य मंत्री इरफान अंसारी की मां मुस्तरी खातून (80) का हार्ट अटैक से निधन हो गया है। मुस्तरी खातून के पति फुरकान अंसारी भी सांसद रह चुके हैं।



मुस्तरी खातून की तबियत बीती रात करीब 2:30 बजे अचानक खराब हो गयी थी। इसके बाद आनन-फानन में परिजन उन्हें अस्पताल ले गये, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। मुस्तरी खातून को गुरुवार शाम को लखना कब्रिस्तान में सुपुदेर्खाक किया जाएगा। मुस्तरी खातून शहर के उर्दू कन्या मध्य विद्यालय की प्राध्यापिका रह चुकी थीं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री डॉ इरफान अंसारी की माता एवं पूर्व सांसद फुरकान अंसारी की धर्मपत्नी मुस्तरी खातून के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पत्नी विधायक कल्पना सोरेन के साथ गुरुवार को मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के मधुपुर स्थित आवास पहुंचकर दिवंगत मुस्तरी खातून के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
हेमन्त सोरेन एवं कल्पना सोरेन ने मंत्री डॉ इरफान अंसारी एवं पूर्व सांसद फुरकान अंसारी तथा उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा दु:ख की इस घड़ी में उन्हें ढाढ़स बंधाया। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति तथा शोकाकुल परिजनों को यह विकट घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।

