
रांची। मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना के तहत दिसंबर माह की ढाई हजार रुपये की राशि सभी लाभुक महिलाओं के खाते में सोमवार को जाएगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन नामकुम के खोजाटोली स्थित आर्मी ग्राउंड में प्रस्तावित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में जहां सांकेतिक रूप से पांच महिलाओं को राशि प्रदान करेंगे। वहीं इसी के साथ राज्य की 56 लाख महिलाओं के खाते में राशि हस्तांतरित कर दी जाएगी।



राज्य सरकार ने इस कार्यक्रम को मेगा शो बनाने की तैयारी की है। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों से तीन से चार लाख महिलाओं के भाग लेने की उम्मीद है। साहिबगंज, गिरिडीह, रांची से महिलाओं की संख्या अधिक होगी। मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में कुछ महिला लाभुकों से संवाद भी कर सकते हैं।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम को लेकर राजधानी रांची के चौक-चौराहों पर बड़ी-बड़ी होर्डिंग लगाई गई हैं। इनमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की तस्वीर के साथ ‘जो कहा सो किया’ स्लोगन लिखा गया है। सभी होर्डिंग का रंग गुलाबी है। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ-साथ विधायक कल्पना सोरेन भी भाग लेंगी। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत करेंगे। लाभुक महिलाओं को अब तक चार किस्त में राशि मिल चुकी है। इसके पूर्व भी कुछ महिलाओं को ट्रायल के तौर पर 27-28 दिसंबर को खाते में राशि भेजी गई थी।

