
रांची । झारखंड विधानसभा चुनाव में आरजेडी इंडिया गठबंधन के तहत ही चुनाव लड़ेगी। आरजेडी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बीच सोमवार को रांची में कांके रोड़ स्थित आवास पर इस बात को लेकर सहमति बनी। उम्मीद है कि जल्द ही गठबंधन में सीट शेयरिंग का ऐलान कर दिया जाएगा।



राजद के विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा से सीट शेयरिंग पर चला आ रहा पेंच समाप्त हो गया है. जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय जनता दल को 7 से 8 सीट दिया गया है. लेकिन मनिका सीट, जहां से मंत्री सत्यानंद भोक्ता चुनाव लड़ना चाहते हैं, वह राजद के खाते में आयी है या नहीं, इसका खुलासा नहीं हो पाया है. मगर इतना तय है कि राजद की नाराजगी दूर हो गयी है । वहीं राष्ट्रीय जनता दल झारखंड में इंडिया गठबंधन के तहत ही चुनाव लड़ेगी।
पिछले तीन दिनों से तेजस्वी यादव रांची में जमे हुए थे। आरजेडी के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस कर कहा था कि आरजेडी को 3-4 सीटें दी जा रही है। जेएमएम और कांग्रेस की ओर से लिया गया एकतरफा फैसला पार्टी को मंजूर नहीं है।

