
रांची। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रांची के सदर सीओ मुंशी राम को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मुंशी राम को उनके कार्यालय से ही गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद मुंशी राम के घर पर भी छापेमारी की गई जिसमें करीब सात लाख रुपये बरामद किए गए। मामले की पुष्टि एंटी करप्शन ब्यूरो ने की है।



मुंशी राम रांची में रहने वाले एक व्यक्ति से उसकी जमीन मापी के लिए 40 हजार की रिश्वत मांग रहे थे। पीड़ित ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की थी, जिसके बाद एसीबी की टीम हरकत में आई।
जांच के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो ने गुरुवार को रांची के कोर्ट स्थित मुंशी राम के कार्यालय में छापेमारी की और उन्हें 40 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने मुंशी राम के घर पर भी छापेमारी की जहां से करीब 11 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई। डीजीपी अनुराग गुप्ता ने बताया कि रांची सदर सीओ के पास से 11 लाख 40 हजार रुपए बरामद किए गए हैं।

