रांची। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से आयोजित खेलो झारखंड के तहत खेलगांव स्थित शूटिंग रेंज-3 में दो दिवसीय राज्यस्तरीय इंडियन राउंड तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन हुआ। रविवार को आयोजित प्रतियोगिता में रांची जिला ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि पश्चिमी सिंहभूम ने फर्स्ट रनर-अप और पूर्वी सिंहभूम ने सेकंड रनर-अप का स्थान हासिल किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि जेईपीसी के प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा और राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए सोरेंग ने संयुक्त रूप से विजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देककर सम्मानित किया।

सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने पराजित खिलाड़ियों से कहा कि वे अगले वर्ष और बेहतर तैयारी के साथ लौटें।

वहीं धीरसेन ए सोरेंग ने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता का आयोजन करना ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों को उच्च स्तर का प्रशिक्षण एवं बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।

राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबले जारी

हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। अंडर-14 बालिका वर्ग में सिमडेगा ने पश्चिमी सिंहभूम को 10–0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं रांची ने गुमला को 3–0 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।

अंडर-17 बालिका वर्ग में रांची ने खूंटी को पेनल्टी शूटआउट में 3–1 से हराया, जबकि सिमडेगा ने गुमला को 5–0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।

वहीं अंडर-19 बालिका वर्ग में क्वार्टर फाइनल मैच में सिमडेगा ने चतरा को 6–0 से, गुमला ने पश्चिमी सिंहभूम को 3–0 से, खूंटी ने सरायकेला को 5–0 से और रांची ने हजारीबाग को 1–0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की। वहीं बालक वर्ग अंडर 17 में पहला सेमीफाइनल रांची और जामताड़ा के बीच और दूसरा सेमीफाइनल हजारीबाग और सिमडेगा के बीच खेला जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version