
लखनऊ । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ पर समस्त देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो भी शेयर किया है। अयोध्या में शनिवार (प्रतिष्ठा द्वादशी) को राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ से जुड़े समारोह की शुरुआत हो गई, जिसके लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचे हैं। शनिवार से राम मंदिर परिसर में धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। वर्षगांठ समारोह की शुरुआत यजुर्वेद के पाठ से हुई।



पीएम मोदी ने रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ पर एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ पर समस्त देशवासियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। सदियों के त्याग, तपस्या और संघर्ष से बना यह मंदिर हमारी संस्कृति और अध्यात्म की महान धरोहर है। मुझे विश्वास है कि यह दिव्य-भव्य राम मंदिर विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि में एक बड़ी प्रेरणा बनेगा।”
इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पर एक पोस्ट किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “हम चाकर रघुवीर के… जय श्री राम”
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पीएम मोदी के पोस्ट को दोबारा शेयर किया। उन्होंने लिखा, “असंख्य राम भक्तों को श्री राम जन्मभूमि मंदिर में प्रभु श्रीराम लला की प्राण-प्रतिष्ठा के एक वर्ष पूर्ण होने पर हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं।”
बता दें कि रामलला प्राण-प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ के अवसर पर वार्षिक उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह उत्सव 11 जनवरी से 13 जनवरी तक चलेगा। इस अवसर पर रामलला के दरबार को फूलों से सजाया गया है।

