रांची। विकास अस्पताल में फायरिंग करने वाला युवक कुख्यात राहुल सिंह गिरोह का सदस्य है। इसकी पुष्टि बीआइटी थाना प्रभारी ने की है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और अस्पताल प्रबंधन सहित स्थानीय लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार कुछ दिन पहले राहुल सिंह गिरोह द्वारा एक शोरूम संचालक को धमकी दिए जाने की सूचना मिली थी।

इसी बिंदु को ध्यान में रखते हुए पुलिस यह जांच कर रही है कि कहीं फायरिंग की घटना किसी अन्य स्थान पर करने की योजना थी और गलती से अस्पताल को निशाना बना लिया गया हो। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई ठोस साक्ष्य सामने नहीं आया है। घटना के समय फायरिंग करने वाला युवक अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। फुटेज में आरोपित की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं, इसके बावजूद पुलिस अब तक उसकी पहचान सुनिश्चित कर उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई है।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान और उसके ठिकानों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। विकास अस्पताल के संचालक राधाचरण ने पुलिस को बताया है कि उनका किसी भी व्यक्ति या गिरोह से कोई विवाद नहीं है और न ही उन्हें किसी तरह की धमकी मिली थी। उन्होंने इस घटना को पूरी तरह अप्रत्याशित बताया है। पुलिस इस मामले में विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version