रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस का गढ़ कही जाने वाली रायबरेली में सांसद राहुल गांधी को आईना दिखाया। उनके वर्तमान क्रियाकलापों पर तंज कसे। कहाकि, राहुल गांधी वर्तमान पीढ़ी को अर्बन नक्सली बनाने पर तुले हैं। बेटियों को भड़का रहे हैं। सीएम ने कहा कि उनकी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अयोध्या की हनुमानगढ़ी में बजरंगबली के दर्शन के बाद मछली की दावत उड़ाते हैं। कांग्रेस का दोहरा चरित्र सामने आ गया है। इसी को कहते है कि मन में राम बगल में छूरी।मुख्यमंत्री ने सनातन के प्रतीकों के माध्यम से विपक्ष को जमकर धोया भी। कहाकि कांग्रेस राम के अस्तित्व को ही नकारती रही, सपा ने अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम के दर्शन से विधायकों को रोकने का कार्य किया है। ऐसे में हम सनातनी कहते हैं कि….जाके प्रिय न राम-बदैही। तजिये ताहिं कोटि बैरी सम, जद्यपि परम सनेही॥

मुख्यमंत्री सोमवार को शहर में राणा बेनी माधव सभागार का लोकार्पण करने आए थे। वह पहले सभागार पहुंचे। वहां 1857 के नायकों को नमन किया। फिर राणा की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। उसके बाद फीरोज गांधी कॉलेज के मैदान पहुंचे जहां 879 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश में घूम-घूमकर बेटियों को भड़का रहे हैं। वह बच्चियों से कहते हैं कि मनु स्मृति से बाहर निकलों। भारत की परंपरा मनु स्मृति से है, राहुल गांधी माने या न माने, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, लेकिन बेटियों को भड़काने का काम न करें।

उन्होंने राहुल पर तंज कसते हुए कहाकि काल गणना आपके नाना-परनाना और दादी ने नहीं दिया। मनु को जानना हो तो अथर्ववेद, शतपथ और मत्स्य पुराण पढिए। अन्यथा जवाब मिलेगा। कहाकि जंतर मंतर में एक बेटी ने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। बाद में वही बेटी माफी मांगती है, उनके मां बाप ने स्वीकार किया कि बेटी से गलती हुई है।

सीएम ने कहा कि भारत को कांग्रेस ने नहीं बनाया, लेकिन विभाजन जरूर करवाया। कांग्रेस को सुभाष चंद्र बोस और लौहपुरुष भारत रत्न सरदार बल्लभ भाई पटेल स्वीकार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी ने कहा था कि एक रुपया भेजता हूं, नीचे केवल 15 पैसा पहुंचता है। बाकी 85 पैसा कौन खाता था, यह 85 प्रतिशत खाने वाले कांग्रेसी और समाजवादी पार्टी के लोग थे। पहले प्रदेश में सैफई सिंडिकेट चलता था। सभी गुंडों बदमाशों को वहीं से लाइसेंस जारी होता था।

योगी ने कहा कि हमारी सरकार मेंं बेटियों व व्यापारियों की तरफ गलत निगाह रखने वालों को जेल य जहन्नुम मिलता है। पहले सपा के गुंडे मिडडे मील का राशन खा जाते थे। हमारी सरकार ने रोक लगाने के साथ ही रसोइयों का मानदेय भी बढ़ाया है। इस दौरान योगी ने 17 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ देकर सम्मानित भी किया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version