
नयी दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिन की भारत यात्रा पर गुरुवार शाम दिल्ली पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी परंपरा से हटकर श्री पुतिन की अगवानी के लिए हवाई अड्डे पर मौजूद थे। उन्होंने गर्मजोशी के श्री पुतिन का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने पहले हाथ मिलाया और फिर गले मिले। हवाई अड्डे से दोनों नेता एक की कार में रवाना हुए। इस मौके पर हवाई अड्डे पर ही रूसी राष्ट्रपति के स्वागत के लिए नृत्य का आयोजन किया गया था।



दोनों नेताओं के बीच आज रात श्री मोदी द्वारा आयोजित रात्रि भोज पर क्षेत्रीय, द्विपक्षीय और वैश्विक महत्व के विभिन्न मुद्दों पर खुलकर बातचीत होने की संभावना है। श्री पुतिन का शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया जायेगा। वहां से वह सीधे राजघाट जायेंगे और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। रूसी राष्ट्रपति की भारत यात्रा चार वर्ष के अंतराल पर हो रही है। मौजूदा वैश्विक भू-राजनैतिक परिदृश्य में यह यात्रा काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
पुतिन शुक्रवार को 23वीं भारत रूस वार्षिक शिखर बैठक में मोदी के साथ वार्ता करेंगे। बैठक में सुखोई-57 लड़ाकू विमानों के सौदे, एस-400 रक्षा प्रणाली, तेल खरीद समेत कई मुद्दों पर बातचीत होगी। दोनों नेता परस्पर हित के मुद्दों के साथ-साथ वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा करेंगे। भारत रूस के साथ व्यापार घाटे को कम करने में उसकी प्रतिबद्धता चाहता है। पुतिन से पहले ही एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल यहां पहुंच चुका है जिसमें रूस के कई मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और शीर्ष कारोबारी शामिल हैं। हैदराबाद हाउस में होने वाली शिखर बैठक के बाद पुतिन और मोदी संयुक्त प्रेस वक्तव्य भी देंगे।

