
चतरा। राष्ट्रीय राजमार्ग रांची-चतरा मुख्य पथ पर बगरा-जबरा के समीप बिहार पुलिस की ओर से घोषित 50 हजार रुपये का इनामी गैंगस्टर उत्तम यादव को पुलिस ने मार गिराया। उत्तम यादव चतरा शहर के सुरही मुहल्ला का रहने वाला है। वह लातेहार के बालूमाथ से चतरा की ओर अपाचे बाइक से आ रहा था। पुलिस बालूमाथ से उसका पीछा कर रही थी। इस दौरान बाइक में पीछे बैठे उत्तम के सहयोगी ने पुलिस पर गोली चला दी। इससे पुलिस का स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त हो गया। जवाबी कार्रवाई में उत्तम यादव को पैर, कमर और छाती में गोली लगी हैै। घायल अवस्था मेंं पुलिस उसे चतरा सदर लाई। इसके बाद चिकित्सकों ने उत्तम यादव को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन की सूचना पर यह कार्रवाई की गई है।



उल्लेखनीय है कि हाल में ही उत्तम यादव अपने गुर्गों के जरिए हजारीबाग शहर में एक ज्वेलर्स शॉप में गोलीबारी कराई थी। उत्तम यादव ने हथियार लहराते हुए सोशल मीडिया में एक पोस्ट डालकर इस घटना की जवाबदेही ली थी। इसके बाद से पुलिस सक्रिय हुई और उत्तम यादव गैंग के कई सदस्यों को गिरफ्तार की थी। उत्तम यादव पर झारखंड और बिहार में कई मामले दर्ज हैं। वह टाइगर नामक आपराधिक गिरोह भी चलाता था।

