मेदिनीनगर । गोल्ड हाउस के मालिक रंजीत सोनी से एक करोड़ की रंगदारी मांगने के बाद अब प्रिंस खान ने मेदिनीनगर के पंचमुहान एवं पिंक पैलेस स्थित स्मार्ट लूक के मालिक अरबाव खान से एक करोड़ की रंगदारी मांगी है। प्रिंस खान ने इसके लिए इंटरनेशनल व्हाट्सएप कॉल और मैसेज का इस्तेमाल किया है।

सोना कारोबारी के बाद यह दूसरा मामला है कि मेदिनीनगर में प्रिंस खान के की ओर से रंगदारी की मांग की गई है। इस सिलसिले में पीड़ित कपड़ा दुकानदार ने शहर थाना में शिकायत दर्ज करायी है। टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने मंगलवार रात मामले की पुष्टि की है।

थाना प्रभारी ने बताया कि रंगदारी और धमकी मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। अनुसंधान शुरू किया गया है। कारोबारी की सुरक्षा बढ़ायी गयी है। प्रिंस खान ने इंटरनेशनल नंबर से कपड़ा कारोबारी को व्हाट्सएप कॉल किया था और व्हाट्सएप मैसेज भेजा था।

बताते चलें कि गोल्ड हाउस के मालिक रंजीत सोनी से एक करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने उससे जुड़े तीन शूटरों को कुछ दिनों पहले गिरफ्तार किया था। इस दौरान हथियार भी बरामद हुए थे। शूटरों से कुवैत में बैठा आतिफ खान ने प्रिंस खान की तरफ से संपर्क किया था।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version