
रांची : छतीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को पश्चिम सिंहभूम के मनोहरपुर में चाईबासा से भाजपा की लोकसभा प्रत्याशी गीता कोड़ा के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। सभा में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक गरीब के बेटे हैं, एक चायवाले के बेटे हैं। इसके बाद भी वे दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं।



वे ऐसे नेता हैं जो प्रतिदिन अठारह घंटे काम करते हैं। समाज के हर वर्ग की फिक्र उनको रहती है और सबके उत्थान के लिए वे काम करते हैं। ऐसे में यह आप सबका कर्तव्य है कि उन्हें तीसरी बार जिताकर फिर देश का प्रधानमंत्री बनाएं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की महिलाओं को उज्जवला योजना का लाभ दिया जिससे उन्हें चूल्हे के धुएं से निजात मिल सकी। आज हर घर में बिजली और पानी की सुविधा है। देश से धारा 370 हटाने का ऐतिहासिक काम उन्होंने किया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश की दुर्गति की है और अब उसे सबक सिखाने का समय आ गया है। उनहोंने कहा कि झारखंड और छत्तीसगढ़ दोनों धनी प्रदेश हैं, दोनों का जन्म एक ही साथ हुआ पर नेतृत्व बेहतर होने के कारण छत्तीसगढ़ आगे बढ़ गया और झारखंड पिछड़ा हुआ है। झारखंड को आगे बढ़ाने के लिए यहां फिर से भाजपा की सरकार जरूरी है।
मौके पर पार्टी प्रत्याशी गीता कोड़ा ने कहा कि भाजपा ने ही झारखंड का निर्माण किया और उसे गढ़ने का काम भी वही करेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड के सत्ताधारी दल झारखंड का विकास करने की बात कहते हैं पर वे असल में राज्य का विनाश कर रहे हैं, उसे लूट रहे हैं। उन्होंने उपस्थित जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मनोहरपुर नदी के किनारे बसा हुआ है, बावजूद इसके यहां के लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। यहां से लोग नौकरी और रोजगार के लिए पलायन कर रहे हैं।इस स्थिति को बदलने के लिए केंद्र और राज्य में फिर से भाजपा की सरकार जरूरी है।
उनहोंने कहा कि झारखंड और छत्तीसगढ़ दोनों धनी प्रदेश हैं, दोनों का जन्म एक ही साथ हुआ पर नेतृत्व बेहतर होने के कारण छत्तीसगढ़ आगे बढ़ गया और झारखंड पिछड़ा हुआ है। झारखंड को आगे बढ़ाने के लिए यहां फिर से भाजपा की सरकार जरूरी है।

