रांची । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 28 दिसंबर से तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर रहेंगी। अपने दौरे के दौरान वह राज्य के विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी, जिनमें शिक्षा, संस्कृति और जनसांस्कृतिक समागम से जुड़े महत्वपूर्ण आयोजन शामिल हैं। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू 28 दिसंबर को झारखंड आगमन के बाद रांची स्थित लोकभवन में रात्रि विश्राम करेंगी। इसके अगले दिन 29 दिसंबर को वह जमशेदपुर जाएंगी, जहां राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस अवसर पर वह विद्यार्थियों को संबोधित करेंगी और उन्हें डिग्रियां प्रदान करेंगी।

इसी दिन श्रीमती मुर्मू ओलचिकी लिपि के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भी भाग लेंगी। इस कार्यक्रम में आदिवासी समाज की भाषा, संस्कृति और परंपराओं की समृद्ध विरासत को रेखांकित किया जाएगा। ओलचिकी लिपि के सौ वर्ष पूरे होना संथाली भाषा और आदिवासी पहचान के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।

जमशेदपुर के कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद राष्ट्रपति वापस रांची लौटेंगी और लोकभवन में रात्रि विश्राम करेंगी। अपने दौरे के अंतिम दिन 30 दिसंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुमला जिले के रायडीह प्रखंड में आयोजित जनसांस्कृतिक समागम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक एकता से जुड़े विविध आयोजन प्रस्तुत किए जाएंगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version