
रांची। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय झारखंड दौरे पर शुक्रवार को रांची पहुंची। रांची एयरपोर्ट पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की सहित अन्य अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया।



एयरपोर्ट से कड़ी सुरक्षा के बीच वह राजभवन के लिए रवाना हो गयी। वे वहां रात्रि विश्राम करेंगी। इसके बाद 15 फरवरी को बीआईटी मेसरा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी।
उपायुक्त ने राष्ट्रपति के कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 15 फरवरी को बीआईटी मेसरा के बिड़ला इंस्टीट्यूट आॅफ टेक्नोलॉजी (मेसरा) के प्लेटिनम जुबली समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम को लेकर, कार्यक्रम स्थल पर पुलिस पदाधिकारियों एवं जिला के वरीय पदाधिकारियों की शुक्रवार को संयुक्त बैठक करते हुए उन्हें कार्यक्रम को लेकर कई अहम दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए तमाम व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सम्बंधित पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
राष्ट्रपति के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे, सभी को सुरक्षा जांच होने के बाद ही आॅडिटोरियम में प्रवेश की अनुमति होगी। उपायुक्त ने सभी सम्बंधित पदाधिकारियों को सभी मानकों का सुनिश्चित रूप से पालन करने के निर्देश दिए । इस बैठक में जिला के सभी वरीय पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सम्बंधित सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।

