काठमांडू। नेपाल में विरोध प्रदर्शनों के बीच हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही। राष्ट्रपति पौडेल के निजी घर पर कब्जा कर आगजनी की गई। मंत्रियों के घरों को निशाना बनाया जा रहा है। कई मंत्री इस्तीफा दे चुके हैं। प्रधानमंत्री ओली दुबई भागने की फिराक में जुट गए हैं। ओली को नेपाल से ले जाने के लिए एक निजी एयरलाइन, हिमालय एयरलाइंस, को स्टैंडबाय पर रखा गया है। दरअसल, नेपाल में छात्रों के भारी विरोध प्रदर्शनों के बीच पीएम केपी शर्मा ओली दुबई भाग सकते हैं। दावा किया जा रहा है कि नेपाल के पीएम ओली इलाज करवाने के लिए दुबई जा सकते हैं। नेपाली प्रधानमंत्री के दुबई जाने की संभावना को लेकर रिपोर्ट उस वक्त आई है, जब नेपाल में दर्जनों जगहों पर दूसरे दिन भी छात्रों का प्रदर्शन जारी है और हिंसा हो रही है। दूसरी तरफ नेपाल सरकार के गृहमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और कृषि मंत्री समेत 10 मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है, लेकिन प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री ओली का इस्तीफा मांग रहे हैं।

राष्ट्रपति के निजी आवास को फूंका
दूसरी तरफ प्रदर्शनकारियों ने नेपाल के राष्ट्रपति के निजी आवास को फूंक दिया है। जबकि सरकार ने त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के कर्मचारियों को वीआईपी यातायात के प्रबंधन के लिए हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। लोगों के आक्रोश से बचने के लिए कई नेता देश छोड़कर फरार हो सकते हैं। यह संभावना है कि नेता, काठमांडू को असुरक्षित मानते हुए, यात्रा करने का प्रयास कर सकते हैं, जिससे वीआईपी यातायात बढ़ सकता है। इसलिए, कर्मचारियों को हाई अलर्ट पर रहने के लिए कहा गया है।

पूर्व उप-प्रधानमंत्री के आवास पर पथराव
पीएम ओली को नेपाल से ले जाने के लिए एक निजी एयरलाइन, हिमालय एयरलाइंस, को स्टैंडबाय पर रखा गया है। बढ़ते राजनीतिक उथल-पुथल और कई मंत्रियों के इस्तीफों के बीच, ओली ने नेपाल से जाने से पहले उप-प्रधानमंत्री को कार्यकारी जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। दूसरी तरफ पूर्व उप-प्रधानमंत्री के आवास पर भी पथराव किया गया है। प्रदर्शनकारी केपी ओली की पार्टी के नेता और पूर्व उप-प्रधानमंत्री रघुवीर महासेठ के जनकपुर स्थित आवास पर पथराव कर रहे हैं।

किसी का पूरा नहीं हुआ पांच साल
नेपाली कांग्रेस अध्यक्ष के आवास को भी प्रदर्शनकारियों ने फूंक दिया है। नेपाल में केपी शर्मा ओली की सरकार नेपाल कांग्रेस के समर्थन से चल रही है। नेपाल में लोकतंत्र लागू होने के बाद से अभी तक किसी भी प्रधानमंत्री ने अपने पांच साल का कार्यकाल पूरा नहीं किया है। नेपाल में किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत हासिल नहीं हो पाई है।

सुरक्षा बलों में झड़प
नेपाल की राजधानी काठमांडू में प्रदर्शन हिंसक हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बलों का पीछा किया और उन पर पथराव किया। हालात को काबू में करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। ये विरोध प्रदर्शन कथित भ्रष्टाचार और सरकार की नीतियों के खिलाफ जारी हैं।

बीरगंज में कर्फ्यू बढ़ा, आंदोलन उग्र
नेपाल के परसा बीरगंज में जिलाधिकारी ने बीते दिन से लागू कर्फ्यू की अवधि बढ़ाकर आज शाम 6 बजे तक कर दी है। प्रशासन का कहना है कि यह कदम हालात काबू में रखने के लिए उठाया गया है। हालांकि कर्फ्यू के बावजूद दूसरे दिन भी आंदोलन उग्र बना हुआ है। विरोध प्रदर्शनों का दायरा नेपाल के कई नए इलाकों तक फैल गया है जिससे तनाव और बढ़ गया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version