
पटना। बिहार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि पटना-गया- डोभी मार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है जिसे मई माह में जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। नवीन ने बुधवार को विभागीय कॉन्फ्रेंस हॉल में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम के साथ समीक्षा की। इस दौरान पथ निर्माण विभाग के सचिव बी. कार्तिकेय धनजी जी समेत एन.एच.ए.आई. के मुख्य महाप्रबंधक सह क्षेत्रीय पदाधिकारी निलेश एल यवतकर समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मंत्री ने आमस-दरभंगा 4 लेन कॉरिडोर, पटना-गया-डोभी कॉरिडोर, औंटा-सिमरिया सिक्सलेन पुल समेत कई अहम योजनाओं की समीक्षा की। मंत्री ने कहा कि पटना-गया-डोभी का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। अधिकारियों को जहानाबाद बाईपास में हाईटेंशन लाइन के टावर को जल्द शिफ्ट करने का निर्देश दिया गया है। मई में इस इसका उद्घाटन होगा। पटना-गया-डोभी फोरलेन से पटना से गया की यात्रा मात्र डेढ़-दो घंटे में पूरी होगी। इस परियोजना की निर्माण लागत 1910.083 करोड़ है, जिसमें पांच आरओबी, 20 अंडरपास, चार फ्लाईओवर और आठ बाईपास शामिल हैं। पटना-गया-डोभी राजमार्ग का निर्माण तीन अलग-अलग पैकेजों में पूरा किया गया है।
मंत्री ने औंटा-सिमरिया सिक्सलेन पुल के शेष बचे कार्य को पूर्ण कर बिहारवासियों को समर्पित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, बीहट में दोनों आरओबी के निर्माण का कार्य अगले दो महीने में पूरा करने को कहा। मंत्री ने कहा कि आमस-दरभंगा योजना में भी तेजी लाई जाए। यह सड़क सात जिलों को जोड़ेगा। इससे यात्रा करने वालों का कम से कम चार घंटे का समय बचेगा। राज्य में यातायात सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। अधिकारियों को उच्च गुणवत्ता और तय समय-सीमा में कार्य को पूर्ण करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री ने पटना से बिहटा जाने वाले सड़क मार्ग में वाहनों का आवागमन सुचारू रूप से हो, इसके लिए भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। साथ ही अधिकारियों को अगली बैठक से पहले हर योजना का स्थल निरीक्षण कर आने का भी निर्देश दिया।
