
उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में आज तड़के दो जगह हुए सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हुई। कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस का कहना है कि मृतकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क हादसों का संज्ञान लेते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।
पहला हादसा
यहां टाटा सूमो को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गयी, जबकि 6 अन्य घायल हो गये। जानकारी के अनुसार, टाटा सूमो में सवार सभी श्रद्धालु झारखंड के थे, जो वाराणसी से अयोध्या जा रहे थे। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंचकर सभी शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
दूसरा हादसा भी उसी हाइवे पर
पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि कुछ घंटे बाद दिल्ली से यात्रियों को लेकर चली हरियाणा की बस एक खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों हादसों में कुल आठ लोगों की मौत हुई। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पांच लोगों को हालत गंभीर होने पर ट्रामा सेंटर भेजा गया।
आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है और आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। दोनों हादसों में कुल आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। यह घटनाएं क्षेत्र में चिंता का कारण बनी हैं और पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए त्वरित कार्रवाई की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जाँच जारी है। हादसे के सही कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। क्या यह बस चालक की लापरवाही थी या फिर सड़क की खराब हालत, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। इस हादसे से प्रभावित परिवारों में गहरा शोक है।
