
अररिया। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी सीमांचल में मिले पांच सीट पर कामयाबी को लेकर दो दिनों से आभार यात्रा पर है। इसी क्रम में शनिवार को एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी अररिया के जोकीहाट रानी चौक पहुंचे।जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया।सीमांचल के लोगों का आभार प्रकट करते हुए उन्होंने धन्यवाद दिया।



जनसभा को संबोधित करते हुए असद्दुदीन ओवैसी ने कहा कि सीमांचल में जो प्यार मिला है,उसे हम कभी छोड़ने वाले नहीं हैं और न कभी भूलने वाले।उन्होंने उन्होंने कहा कि हमारे पांचों विधायक बिहार विधानसभा मे सीमांचल के नारों को बुलंद करने का काम करेगा।आप लोगों ने यह साबित कर दिया है हम लोग एक साथ मिलकर अगर खड़े हो जाएंगे तो हमें किसी दूसरे की जरूरत नहीं पड़ेगी।
जनसभा में उमड़े हजारों की भीड़ के बीच एआईएमआईएम प्रमुख ने ऐलान किया कि बिहार के बाद यूपी चुनाव में भी जाएंगे और मजबूती से लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि ओवैसी आपसे वादा करता है कि हम उस वक्त तक न खुद चैन से बैठेंगे। न पटना में बैठे लोगों को चैन की सांस लेने देंगे, जब तक सीमांचल के लोगों के चेहरे पर मुस्कान न आ जाए।उन्होंने कहा कि चुनाव के वक्त हमने वादा किया था।अगर हमारे लोग विधायक बने तो नदी कटाव, अस्पतालों की बदहाली, डॉक्टर और दवाइयों की कमी, भ्रष्टाचार जैसे समस्याओं जैसे मुद्दों के खिलाफ लड़ाई लड़ी जाएगी। मुझे पूरा विश्वास है कि आपने मेरे कहने पर जिन नुमाइंदों को जिताया है, वो आपके भरोसे पर खड़ा उतरेंगे। जिनकी जमीन, खेत, घर कटाव में चले गए हैं, हमारे प्रत्याशी उन्हें उनका हक दिलाने का काम करेंगे।
जनसभा को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और अमौर के विधायक अख्तरुल ईमान ने भी संबोधित किया और कहा कि जोकीहाट का इलाका पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री तस्लीमुद्दीन का इलाका है,जिन्हें मैं नमन करता हूं।उन्होंने कहा कि तस्लीमुद्दीन साहब वह हस्ती थे,जो लालू प्रसाद के आंखो में आंख डालकर बात करते थे,लेकिन उनके बेटे लालू प्रसाद यादव के जूते के तरफ आंख रखकर बात करते हैं,जो बहुत शर्मनाक है।
सभा को एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के साथ जोकीहाट के विधायक मो.मुर्शीद आलम,बहादुरगंज के विधायक तौसीफ आलम,कोचाधामन विधायक सरवर आलम,बायसी विधायक गुलाम सरवर और अमौर के विधायक एवं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरूल ईमान और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया।

