रांची। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में मरीजों का ओपीडी इलाज महंगा हाेगा। सदर अस्पताल की तर्ज पर अब ओपीडी की पर्ची कटवाने के लिए पांच रुपये की जगह 10 रुपये देने होंगे। यह प्रस्ताव रिम्स में मंगलवार को हुई शासी परिषद की 64वीं बैठक रखा गया। जिस पर सदस्यों ने 10 रुपये करने पर अपनी सहमति जताई है। पहले इसे 20 रुपये करने का प्रस्ताव था, लेकिन अंतिम निर्णय 10 रुपये पर लिया गया।

बैठक की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने की, जबकि कांके विधायक सुरेश बैठा, रिम्स निदेशक डा. राजकुमार सहित अन्य गणमान्य सदस्य मौजूद थे। बैठक में 18 एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा डीआइजी ग्राउंड में 500 बेड की नई आइपीडी-ओपीडी बिल्डिंग निर्माण का प्रस्ताव रखा गया जिसपर सहमति बनी। हालांकि बैठक के बाद संस्थान की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं करायी गई।

शासी परिषद की 64वीं बैठक में रिम्स में चार नए सुपर स्पेशिएलिटी विभाग गैस्ट्रोएंटरोलाजी, क्लीनिकल हेमेटोलाजी, इमरजेंसी मेडिसिन और न्यूक्लियर मेडिसिन खोलने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इसके साथ ही क्लिनिकल इम्यूनोलाजी, रूमेटोलाजी और एंडोक्राइनोलाजी विभाग खोलने तथा उनसे संबंधित आवश्यक पदों के सृजन करने को लेकर विचार किया गया। इससे पहले बैठक को लेकर रिम्स परिसर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी, आचार संहिता की वजह से कई निर्णय निकाय चुनाव के बाद धरातल पर उतारा जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version