
रांची। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्री जीण माता प्रचार समिति, रांची ने सदस्यों के साथ शुक्रवार को राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) मेडिकल चौक के पास स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में नि:शुल्क खिचड़ी का प्रसाद वितरण किया। दोपहर 3 बजे से शुरू हुए इस सेवा शिविर में मरीजों, उनके परिजनों, अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ, एम्बुलेंस चालकों और राहगीरों सहित 1000 से अधिक लोगों ने गर्म खिचड़ी प्रसाद ग्रहण किया। रिम्स में दूर-दराज से इलाज कराने आए लोग और दिनभर भूखे-प्यासे रहने वाले परिजनों ने इस सेवा से विशेष रूप से लाभान्वित हुए।
स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों ने समिति के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि रिम्स जैसे बड़े अस्पताल के बाहर जन्माष्टमी के अवसर पर इस तरह की पहल वास्तव में जरूरतमंदों के लिए वरदान है। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि जनसेवा ही सच्ची सेवा है और आगे भी ऐसे सेवा कार्य जारी रहेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में संगीता अग्रवाल,नेहा सिंघानिया, कविता सोमानी, शीतल अग्रवाल एवं सुष्मिता का विशेष सहयोग रहा।
