रांची। जिला स्कूल के पास पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के यांत्रिक प्रमंडल परिसर में बुधवार शाम करीब 5:30 बजे बड़ा हादसा हो गया। 50 साल से अधिक पुरानी जर्जर जलमीनार को तोड़ने के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और भारी-भरकम ढांचा भरभराकर जमीन पर आ गिरा। इसकी चपेट में आने से मलबे में दबकर दो मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान पलामू जिले के पड़वा मोड़ निवासी 25 वर्षीय सत्या भुइयां और 42 वर्षीय मैथली शरण महतो के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस, एसपी और एसडीओ समेत जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। कोतवाली थाना प्रभारी के नेतृत्व में तत्काल बचाव अभियान शुरू कराया गया।

रांची नगर निगम की टीम भी जेसीबी और पोकलेन के साथ मौके पर पहुंची। भारी मलबा होने के कारण दोनों मजदूरों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब तीन घंटे तक पोकलेन की रोशनी में बचाव कार्य चलता रहा।बाद में हाईमास्ट और हैलोजन लाइट की व्यवस्था कर अभियान तेज किया गया। देर रात तक चले अभियान के बाद दोनों शवों को मलबे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जलमीनार को तोड़ने का काम मां कृपा डेवलपर इंटरप्राइजेज को सौंपा गया था। बुधवार को मजदूर जलमीनार के पिलर के अंदर लगी लोहे की छड़ों को कटर मशीन से काट रहे थे। बताया गया कि दो अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छड़ काटे जाने के बाद जलमीनार का भार एक ओर पड़ गया। इससे पूरी संरचना असंतुलित हो गई और देखते ही देखते जलमीनार जमीन पर आ गिरी। जिस समय ढांचा गिरा, सत्या भुइयां और मैथली शरण महतो उसके नीचे मौजूद थे। दोनों मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। जलमीनार के गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोगों को लगा जैसे कोई बड़ा विस्फोट हुआ हो। आसपास की जमीन तक हिल गई।

हाल में हुई थी सत्या की शादी : हादसे में जान गंवाने वाला सत्या भुइयां महज 25 वर्ष का था। बताया गया कि उसकी हाल में ही शादी हुई थी और उसका एक छोटा बेटा भी है। वहीं 42 वर्षीय मैथली शरण महतो भी पलामू जिले के पड़वा मोड़ के आसपास का रहने वाला था।दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। जानकारी के अनुसार जलमीनार करीब 50 वर्ष पुरानी थी और विभाग की ओर से इसे पहले ही कंडम घोषित किया जा चुका था। इसके बाद इसे तोड़ने का काम कराया जा रहा था। कंपनी के सुपरवाइजर संतोष कुमार ने बताया कि मृत मजदूरों के स्वजन को मुआवजा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version