पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को अधिकारियों को सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने वाले तत्वों पर निगरानी बढ़ाने और सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री कानून-व्यवस्था की स्थिति और अपराध नियंत्रण को लेकर आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, चौधरी ने अश्लील और दोहरे अर्थ वाले गीतों से कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका वाले मामलों में कार्रवाई करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि संवेदनशील सोशल मीडिया संबंधी मामलों में जिलाधिकारियों (डीएम) और पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को दो घंटे के भीतर आवश्यक जवाब देना चाहिए। ऐसे मामलों की मुख्यालय स्तर पर निगरानी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने घृणास्पद भाषण और अवैध सामग्री से जुड़े मामलों में संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं को कदाचार मुक्त बनाने और अनियमितताओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाने का भी निर्देश दिया। चौधरी ने कहा कि कानून-व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने अपराधियों की जिला और थाना स्तर पर सूची तैयार करने तथा अपराध नियंत्रण अधिनियम (सीसीए) के प्रावधानों के तहत आदतन अपराधियों पर निगरानी रखने को कहा। मुख्यमंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त और पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए डायल-112 व्यवस्था को बेहतर बनाने और साइबर अपराध की शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 का व्यापक प्रचार करने को भी कहा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version