रांची। ईडी ने राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) घोटाले के आरोपित प्रमोद सिंह के धनबाद स्थित आवास में शुक्रवार को करीब 10 घंटे तक तलाशी ली। प्रमोद सिंह को ईडी ने इसी साल फरवरी महीने में गिरफ्तार किया था।

प्रमोद सिंह पर एनएचआरएम की 9.50 करोड़ रुपये की राशि के घोटाले का आरोप है। इस मामले में ईडी मनी लांड्रिंग के तहत जांच कर रही है। प्रमोद सिंह पर चार्जशीट के पहले ईडी कागजात और साक्ष्य को मजबूत बनाने में जुटी है।

देर रात तक ईडी ने खंगाले दस्तावेज

इसी सिलसिले में जांच के लिए ईडी की टीम प्रमोद सिंह के घर पहुंची थी। देर रात तक ईडी ने दस्तावेज को खंगाला। प्रमोद सिंह को वर्ष 2008 में संविदा के आधार पर एनआरएचएम में नियुक्त किया गया था। उसे मात्र 17 हजार रुपये मानदेय मिलता था। उसे धनबाद जिले के दो प्रखंडों में योजना से संबंधित दायित्व दिए गए थे।

एनआरएचएम में उसे योजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान राशि आवंटित करने और उसका हिसाब रखने की जिम्मेदारी दी गई थी। लेकिन उसने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए 9.5 करोड़ रुपये की सरकारी राशि अपने करीबियों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए।बाद में संबंधित लोगों से राशि उसने वापस ली और अपने परिवार को लोगों के नाम पर करोड़ों की संपत्ति अर्जित की। ईडी ने उसके ठिकानों पर छापेमारी भी की थी। इस दौरान उसकी कई महंगी गाड़ियां भी मिली थी, जिसे जब्त कर लिया गया था।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version