पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज कहा कि अब पूरे पटना शहर के यातायात का संचालन महिला पुलिसकर्मी करेंगी। कुमार ने शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला दिवस एक नयी मिशाल- पटना ट्रैफिक की जिम्मेदारी महिलाओं के हाथ कार्यक्रम में मॉडल ट्रैफिक पोस्ट का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने घोषणा की कि पूरे पटना शहर की ट्रैफिक व्यवस्था महिला पुलिसकर्मियों द्वारा संचालित की जाएगी, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

पटना जीपीओ के टीओपी पर पदस्थापित अनीता देवी जुली कुमारी विभा कुमारी संजू और एएसआई अरुणा कुमारी का कहना है कि सरकार ने हमें जो जिम्मेदारी दी है हम लोग इसे बखूबी पूरा करने की कोशिश करते हैं। यह देश पुरुष प्रधान है, लेकिन हमारा भी मान सम्मान कम नहीं है। हम लोग अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाते हैं। पटना जंक्शन स्थित ट्रैफिक टीओपी की कमान संभाल रही एसआई आशा कुमारी ने बताया कि इस टीओपी पर सात महिलाएं ट्रैफिक को संभाल रही हैं। इनमें प्रीति कुमारी, ममता कुमारी, सुमी कुमारी, दिव्या कुमारी, प्रिया कुमारी और रेशमा शामिल हैं। पटना जंक्शन और हनुमान मंदिर की वजह से यह काफी व्यस्ततम जगह है, लेकिन इसके बाद भी हम लोग अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रहे हैं। हमें इस बात की खुशी है कि महिला होने के बाद भी हमें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version