
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी महत्वाकांक्षी योजना झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना (जेएमएमएसवाई) में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। योजना के क्रियान्वयन में तकनीकी खामियों और बिचौलियों की शिकायतों के बाद, उन्होंने प्रज्ञा केंद्रों की संख्या बढ़ाने और विशेष कैम्प की समय सीमा बढ़ाने का ऐलान किया है। हेमंत सोरेन ने बिचौलियों से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि योजना का लाभ लेने के लिए किसी भी तरह का पैसा नहीं देना होगा।



मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना को लेकर महिलाओं में भारी उत्साह है। लेकिन शुरूआती दौर में कुछ परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है। इसके लिए उन्होंने तकनीकी समस्याओं को जल्द से जल्द दूर करने का निर्देश दिया है। हेमंत सोरेन कहा कि जेएमएमएसवाई एक सतत चलने वाली योजना है और इसका लाभ लेने की कोई समय सीमा नहीं है। 10 अगस्त तक चलने वाले विशेष कैम्प को 5 दिन और बढ़ा दिया गया है। इसके बाद भी जरूरतमंद महिलाएं कभी भी अपने नजदीकी प्रज्ञा केंद्र पर जाकर योजना का लाभ ले सकती हैं।
बिचौलियों से दूर रहें : मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि कुछ लोग योजना का फायदा उठाने के लिए बिचौलियों का सहारा ले रहे हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने साफ कहा कि इस योजना की पूरी प्रक्रिया नि:शुल्क है इसलिए बिचौलियों से सावधान रहें। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को भी बिचौलियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।मुख्यमंत्री ने जेएमएमएसवाई को महिलाओं की योजना बताते हुए कहा कि इसके तहत राज्य की लाखों बहनों को हर साल 12 हजार रुपए मिलेंगे। उन्होंने कहा-ह्ययह आप बहनों की योजना है। राज्य की मेरी लाखों बहनों को हर साल 12 हजार रुपए मिलेगा, यही झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लक्ष्य है, यही मेरा लक्ष्य है।

