
अयोध्या : अयोध्या में अधिकतम तापमान 41°C पहुंच गया है। नौतपा मौसम की बेरुखी से अयोध्या में बालक राम की सेवा में बदलाव किया गया है।



उन्हें बेहतरीन हल्की कढ़ाई किए हुए सूती वस्त्र पहनाए जा रहे हैं। हल्के आभूषण से श्रृंगार किया जा रहा है।
पुजारी संतोष कुमार तिवारी के अनुसार प्रभु को रोज दही या लस्सी के साथ मौसमी रसीले फलों का भोग लगाया जा रहा है। इनमें आम, मौसमी, लीची, खरबूज, तरबूज आदि हैं।
रामलला के लिए नया AC आ गया है, जो जल्द गर्भगृह में लगाया जाएगा। अभी गर्भगृह में कूलर लगाया गया है। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने राम मंदिर को AC सौंप दिया है।
चंपत राय का कहना है कि ट्रस्ट भगवान की सेवा लगातार बेहतर कर रहा है। भगवान की हर छोटी से छोटी जरूरत पर ध्यान दिया जा रहा है।
ठंडक देने वाले गुलाब, चमेली, गेंदा आदि के फूलों से श्रृंगार किया जा रहा है। रामलला को बेहद प्रिय तुलसी के साथ उनके एक हजार नाम से रोज अर्चन चल रहा है। रामलला इन दिनों जो कपड़े पहन रहे हैं, वह दिल्ली के फैशन डिजाइनर मनीष त्रिपाठी खुद डिजाइन कर भेज रहे हैं। उन्होंने चार माह से रामलला की यह सेवा शुरू की है। वह अभी एक साल तक रामलला के लिए रोज कपड़े भेजेंगे।

