
पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता अब कंधे पर हरा गमछा नहीं रखेंगे। ये निर्देश पार्टी के बिहार अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने दिया है। ये गाइडलाइन तेजस्वी यादव की आभार यात्रा से पहले आई है। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को हरे गमछे की जगह हरा टोपी और बैच लगाने को कहा गया है। जगदानंद सिंह ने 9 सूत्रीय निर्देश जारी किए हैं जो यात्रा के दौरान लागू होंगे।



पहले राजद नेताओं के लिए हरा गमछा उनकी पहचान हुआ करता था। यह एमवाई (मुस्लिम-यादव) समीकरण का प्रतीक माना जाता था। लेकिन अब पार्टी अपनी छवि बदलना चाहती है। माना जा रहा है कि हरे गमछे से दूरी बनाने के पीछे पार्टी की नई रणनीति है। हालांकि, पार्टी ने आधिकारिक तौर पर हरा गमछा न पहनने के पीछे कोई कारण नहीं बताया है। लेकिन ये फैसला राजद की छवि बदलने की कोशिशों का हिस्सा माना जा रहा है।

