
रांची । कांके के एक व्यवसाई को कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान ने एक बार फिर एक करोड़ रंगदारी की मांग की है। वहीं रंगदारी नहीं देने पर एयरपोर्ट हत्याकांड जैसी वारदात भुगतने की धमकी दी गई है। इस मामले को लेकर कांके थाना में एफआईआर दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि बिजनेसमैन के मोबाइल पर एक कॉल आया और उसने खुद को प्रिंस खान बताया। कहा कि एक करोड़ की रंगदारी नहीं देने पर गोली मारकर हत्या कर दी जाएगी।इस घटना के बाद से कारोबारी काफी डरा हुआ है।इस संबंध में ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि प्रिंस खान ने एक करोड़ की रंगदारी मांगी है। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जिस नंबर से बिजनेसमैन को कॉल आया है, उसके बारे में पता लगाया जा रहा है।बीते 7 मार्च की रात को प्रिंस खान के गुर्गे ने एयरपोर्ट थाना इलाके के एक होटल में घुसकर होटल संचालक राजकुमार गोप के भाई मनीष कुमार गोप की हत्या कर दी थी। हालांकि इस मामले में रांची पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। फिलहाल इस मामले में कई हाई प्रोफाइल नाम जुड़े हैं, जिसके बाद पुलिस हर बिंदुओं पर जांच कर रही है।
